पुलिस की कार्रवाई सवालों के घेरे में, कहीं बलि का बकरा तो नहीं बन गया विश्वकर्मा?
प्रेस विज्ञप्ति से खुला राज, टीआई कपूर त्रिपाठी को देना होगा जवाब!
Singrauli News: नवानगर पुलिस की कार्यप्रणाली इन दिनों सुर्खियों में है। ज्ञात हो कि बीते दिनों नवानगर पुलिस ने हेरोइन तस्करी के आरोप में अम्ब्रेश विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया और इस कार्रवाई को लेकर बाकायदा प्रेस विज्ञप्ति जारी की,विज्ञप्ति में बताया गया कि आरोपी के पास से 2 लाख रुपये कीमत की लगभग 20.49 ग्राम हेरोइन जप्त की गई। लेकिन आश्चर्य तब होता है जब उसी प्रेस विज्ञप्ति में सबसे निचे वाले पैरा में पुलिस यह भी उल्लेख करती है कि “कोडीन युक्त कफ सिरप किससे खरीदा गया, कहां से लाता है और कितने लोग इस कृत्य में शामिल हैं, इस पूरी श्रृंखला की जांच की जा रही है”
इससे साफ जाहिर होता है कि पुलिस खुद यह तय नहीं कर पा रही है कि आरोपी को हेरोइन के साथ पकड़ा गया है या कोडीन युक्त कफ सिरप के साथ।
कोडीन या हेरोइन क्या पकड़ा? टीआई कपूर त्रिपाठी को देना चाहिए जवाब
नवानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न प्रकार के नशे के कारोबार धड़ल्ले से चल रहे है,यह बात किसी से छिपी नहीं हैं। पुलिस कभी-कभार इक्का-दुक्का कार्रवाई कर अपनी डफली, अपना राग अलापने का मौका नहीं छोड़ती , लेकिन इस कार्रवाई पर इसलिए सवाल उठ रहे हैं क्योंकि जब पुलिस के अनुसार आरोपी से हेरोइन जप्त हुई, तो फिर कोडीन युक्त कफ सिरप की जांच किस आधार पर की जा रही है?
सबसे अहम बात यह है कि यह विरोधाभास खुद नवानगर पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति में सामने आया है। ऐसे में थाना प्रभारी कपूर त्रिपाठी को स्पष्ट करना होगा कि उनकी पुलिस ने आखिर आरोपी को हेरोइन के साथ पकड़ा है या फिर कोडीन युक्त कफ सिरप के साथ। इस तरह की विज्ञप्ति देखकर यह भी सवाल उठने लगा है की कही विश्वकर्मा बली का बकरा तो नहीं बन गया? खैर यह तो न्यायालय तय करेगा लेकिन पुलिस की विज्ञप्ति किसी को भी हजम नहीं हो रही है।और इस तरह की लिपकीय त्रुटि सम्भव नहीं हैं।


