मंडल अध्यक्ष पर लगे गंभीर आरोप! आरोपियों के घर पर कब चलेगा बुल्डोजर?
अनोखी आवाज़ सिंगरौली– राजन अब इस दुनिया मे नहीं हैं, गुंडों ने उनकी हत्या कर दी। लेकिन राजन की आत्मा चीख-चीख कर सिस्टम से न्याय मांग रही हैं। क्या उन अपराधियों के घर पर बुल्डोजर चलेगा जिन्होंने माँ की गोद हमेशा के लिए सुनी कर दी,भाई-बहन का सहारा छीन लिया? शायद इसका जवाब हैं नहीं, क्योंकि लोगों का आरोप है कि वसूली का यह पूरा खेल ही भाजपा नेता के इशारे पर चल रहा था और जब पर्दे के पीछे अपने ही बैठे हो फिर कैसा बुल्डोजर, और कैसी कार्रवाई? कोई गरीब होता,उसकी राजनीति पकड़ न होती तो अब तक जरूर उसका आशियाना जमीदोज हो गया होता। लेकिन ये गुंडे नेता जी के खास बताये जाते हैं फिर इनको इतनी राहत तो मिलनी ही चाहिए? जिस कारण अब भाजपा नेताओं की खामोशी और दोहरे चरित्र पर लोग सवाल उठाने लगे हैं। और यह चुप्पी आगामी चुनावी में भारी पड़ सकती हैं।
भाजपा अध्यक्ष सुंदर लाल शाह क्यों हैं खामोश?
शादी,जन्मदिन,किसी दुकान के लोकार्पण जैसे अन्य कार्यक्रमों में बढ़कर हिस्सा लेने वाले भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदर लाल शाह इतने गंभीर मामले पर आखिर चुप्पी क्यों साधे हुए हैं? इस संकट की घड़ी में परिवार के साथ खड़े होकर आंसू पोछना तो दूर की बात, अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक संवेदना व्यक्त करना भी जरूरी नहीं समझा। इसे अध्यक्ष की व्यस्तता समझा जाये या कुछ और..? इनसे बेहतर तो सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह हैं,भीड़ ने उनके सामने ही मुर्दाबाद के नारे लगा दिए लेकिन वे न किसी पर नाराज हुए न ही किसी को कुछ बोला बल्कि धैर्य के साथ परिवार के साथ खड़े रहे। लेकिन इससे भी अध्यक्ष ने कुछ नहीं सीखा तभी तो इतने गंभीर मामले पर अंजान बने हुए हैं।
आरोपियों के घर पर कब चलेगा बुल्डोजर?
कोई व्यक्ति किसी गंभीर अपराध में संलिप्त पाया जाता है तो मध्यप्रदेश की मोहन सरकार कार्रवाई के साथ थी उनके घरों को जमीदोंज कर देती है। ऐसे में उक्त हत्याकांड में शामिल आरोपियों पर पहले से ही कई मामले पंजीबद्ध है ,और कई जिला बदर के भी आरोपी हैं तो फिर उनके घरों पर बुल्डोजर जैसे कार्रवाई क्यों नहीं कि जा रही गई। सूत्रों की माने तो आरोपियों के घर सरकारी जमीन में बने हैं ऐसे में बुल्डोजर कार्रवाई में कोई रुचि क्यों नहीं दिखा रहा। वहीं दूसरी ओर पूरे मामले में लोगों ने मंडल अध्यक्ष पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं,हालांकि कमलेश वर्मा ने सोशल मीडिया के माध्यम से आरोपियों से किसी तरह का रिश्ता ना होने का दावा किया है। लेकिन इन दावों में कितनी सच्चाई है यह तो जांच के बाद ही दूध का दूध और पानी का पानी हो पाएगा। फिलहाल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी हैं।






